रतलाम। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत डोसी गांव स्थित ओरा पैलेस कॉलोनी में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कक्षा 10वीं में अध्ययनरत 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान खुशी परमार (16) के रूप में हुई है। खुशी महेश परमार की पुत्री थी और कक्षा 10वीं में पढ़ाई कर रही थी। बताया गया है कि घटना ओरा पैलेस कॉलोनी स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर हुई। परिजनों के अनुसार छात्रा का शव छत/टैरिस के रोशनदान में लगी लोहे की जाली से साड़ी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
नाबालिग छात्रा की इस तरह हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किन परिस्थितियों में छात्रा ने यह कदम उठाया और वह रोशनदान तक कैसे पहुंची, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
फिलहाल छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस द्वारा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। छात्रा ने आखिर यह कदम क्यों उठाया, घटना के पीछे कोई पारिवारिक, व्यक्तिगत अथवा अन्य कारण था या नहीं, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
16 वर्षीय छात्रा की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं ओरा पैलेस कॉलोनी में भी शोक का माहौल है। कम उम्र में हुई इस दुखद मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत