![]() ![]() ![]() ![]()
|
डोंगरगांव में प्रशासन गांव की चौपाल पर आगर-मालवा : प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेशव्यापी जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित हो रहे जन विश्वास शिविरों की श्रृंखला में आगर-मालवा जिले का तीसरा जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार को सुसनेर उपखण्ड की सीमावर्ती ग्राम पंचायत डोंगरगांव में आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री चिंतामन राठौर, श्री दिलीप सकलेचा, पूर्व विधायक श्री राणा विक्रम सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री कालू सिंह सिसोदिया, सरपंच श्रीमती ज्ञान कुंवर सोनगरा, त्रि-स्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। शिविर में दोपहर 2.00 बजे तक विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 146 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निराकरण कर मंच से जानकारी दी गई। प्राप्त आवेदनों में राजस्व विभाग के 50, प्रधानमंत्री आवास के 27, पंचायत विभाग के 12, सामाजिक न्याय एवं विद्युत विभाग के 13-13, महिला एवं बाल विकास विभाग के 20, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के 05, शिक्षा विभाग के 02 तथा आजीविका मिशन, कृषि, जल संसाधन एवं लोक सेवा केन्द्र से संबंधित 01-01 आवेदन शामिल हैं। शिविर में कृषि, उद्यानिकी, खाद्य एवं आपूर्ति, म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तार से जानकारी देकर लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। शिविर को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जन विश्वास अभियान के माध्यम से जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण किया जा रहा है। अधिकारी स्वयं गांवों में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। श्री दिलीप सकलेचा ने कहा कि यह अभियान प्रशासन को ग्रामीणों की चौपाल तक ले आया है। उन्होंने डोंगरगांव स्थित सुप्रसिद्ध धार्मिक आस्था के केन्द्र एक मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग भी रखी। कार्यक्रम को पूर्व विधायक श्री राणा विक्रम सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री चिंतामन राठौर एवं श्री अमित नागर ने भी संबोधित किया। जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी ने जन विश्वास अभियान एवं शिविरों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। सरपंच प्रतिनिधि श्री प्रेम सिंह सोनगरा एवं ग्रामीणजनों ने अतिथियों का साफा, शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से स्वागत किया। जिले की विकास गाथा पुस्तिका का वितरण जनविश्वास शिविर में मध्यप्रदेश जनसंपर्क संचालनालय भोपाल द्वारा प्रकाशित जिले की विकास गतिविधियों और उपलब्धियों पर आधारित ‘‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश, आगर मालवा जिले की विकास गाथा‘‘ पुस्तिका का भी वितरण जनसंपर्क विभाग द्वारा किया गया। इस पुस्तिका में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश, जिला एक नजर में, प्रमुख पर्यटक स्थल, जिले का इतिहास, कला, संस्कृति एवं फ्लेगशीप योजनाओं, महत्वपूर्ण सिचाई परियोजनाओ, विद्युत, शिक्षा उद्योग निवेश, महिला सशक्तिकरण सहित जिले में नवाचार एवं प्रमुख उपलब्धियों का सचित्र विवरण समाहित है। इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी श्री देवनारायण यादव, जनपद सीईओ श्री अभिषेक यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री सज्जन सिंह, सुश्री आयुषी गुप्ता, सुश्री सुरेना डांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, पार्षदगण, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। |