|
आवेदक करणसिंह के सर्वे नंबर 812 की जमीन के नामांतरण के रिकॉर्ड का परीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करे- डॉ. मीना कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने आवेदक करणसिंह के आवेदन पर जनसुनवाई में उसकी सर्वे नंबर 812 की कृषि भूमि पर अन्य किसानों के नामांतरण एवं कब्जे के संबंध में पुराने अभिलेखों का परीक्षण कर, सात दिवस में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश तहसीलदार सुसनेर को दूरभाष पर चर्चा कर दिए हैं। जनसुनवाई में कलेक्टर ने एक-एक आवेदक से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस.सोलंकी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम नारायण परमार, श्री कमल मंडलोई एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में एक शिक्षिका के आवेदन पर कलेक्टर ने उनके प्रकरण का निराकरण कर उन्हें नियमानुसार वेतन भुगतान करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए हैं। जनसुनवाई में नलखेड़ा के दिलीप ने ऋण दिलवाने, बड़ोद के प्रभुलाल ने धमकी देने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने, आगर के गोकुल ने जमीन पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने, बटावदा के नासिर खान ने अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने, सुसनेर के अजय सोलंकी ने लंबित भुगतान दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कार्यवाही के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को दिए हैं। जनसुनवाई में तनोडिया के ग्रामवासियों ने गार्डन के ऊपर के विद्युत तार हटाने के संबंध में, ग्राम सोनचिड़ी के कृष्णा सिंह चौहान ने पेंशन की राशि दिलाने, आगर के लखन माली ने अतिक्रमण हटाने, कानड़ के निवासियों ने अतिक्रमण हटाने, आगर के बालमुकुंद यादव ने फसल खराब, आगर के नागेश्वर चौधरी ने नाली निर्माण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।जनसुनवाई मे कुल 58 आवेदन प्राप्तल हुए जिन पर कलेक्टर डॉ. मीना ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। |