रतलाम। श्री योगेंद्र सागर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट, रतलाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार भक्ति, उल्लास, संस्कृति और रोमांच के अनूठे संगम के रूप में मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के गगनभेदी उद्घोष से पूरा महाविद्यालय परिसर कृष्णमय हो उठा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
जन्माष्टमी समारोह में संस्था के संस्थापक श्री गोपालप्रसाद जी शर्मा (टंच) बाबूजी एवं सहसंचालक श्री वरदान शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीं सहसंचालक उमेश शर्मा एवं संस्था के निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह की उपस्थिति में लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना और आरती कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
भक्ति के रंग में रंगा परिसर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। एक के बाद एक शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में प्रतिभा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक दिखाई दी।
समारोह का सबसे रोमांचक आकर्षण मटकी फोड़ (दही हांडी) प्रतियोगिता रही। इसमें बीटेक, बीबीए, एमबीए, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी सीड टेक्नोलॉजी एवं बीएएलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने के लिए विद्यार्थियों की टीमों ने जमकर दमखम दिखाया और परिसर में तालियों एवं जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
छात्राओं ने आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ने की चुनौती स्वीकार की और पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उनकी हिम्मत और आत्मविश्वास को उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जमकर सराहा।
शिक्षकों और सांस्कृतिक समिति के प्रयासों से आयोजन बना यादगार
कार्यक्रम का संचालन प्रो. मीमांशा मिश्रा एवं प्रो. पल्लवी शुक्ला ने प्रभावी ढंग से किया। वहीं कार्यक्रम के सफल समन्वयन में सांस्कृतिक समिति की प्रो. मनीषा राठौर, प्रो. अंशिता शर्मा, प्रो. टीना हसले, प्रो. शिवानी मोदी एवं प्रो. चिंत्रांशी बैरागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के अंत में डीन एकेडमिक प्रो. गोविन्द झंवर ने मुख्य अतिथियों, शिक्षकों, अनुशासन समिति तथा आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
श्री योगेंद्र सागर कॉलेज में आयोजित यह जन्माष्टमी समारोह विद्यार्थियों के लिए केवल मनोरंजन का अवसर नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, सामूहिक सहभागिता और श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों से जुड़ने का यादगार अवसर भी बना।
यह जानकारी सहसंचालक श्री उमेश शर्मा द्वारा जारी की गई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत