रतलाम/जावरा। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मंडलोई के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने जावरा वृत्त के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध हाथ भट्टी मदिरा के ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में शराब एवं महुआ लहान जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार 8 सितंबर 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारियों श्री मनोहर खरे, पी.सी. केरवार एवं एस.एन. सिंगनाथ के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्रामीण क्षेत्र जावरा, पिपल्या जोधा तथा परवलिया में अवैध हाथ भट्टी मदिरा के निर्माण एवं विक्रय की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज चौहान द्वारा टीम के साथ विधिवत तलाशी एवं कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 50 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा करीब 3000 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर जब्त किया गया। विभाग के अनुसार जब्त मदिरा एवं सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 10 हजार रुपए है। मामले में अवैध शराब से जुड़े आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं च के तहत कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
कार्रवाई में बड़ी आबकारी टीम रही शामिल
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे, ओमप्रकाश मालवीय, संतोष मंडलोई, अर्पित पांडे प्रधान, अभिषेक वाईकर, आबकारी आरक्षक रामचरण पवार, विक्टोरिया बोरासी, प्रहलाद राठौर, ममता निनामा, मनोज वर्सी, पुष्पा मीणा तथा नगर सैनिक चेतराम सहित विभागीय अमला शामिल रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथ भट्टी शराब बनाने और बेचने वालों के ठिकानों पर निगरानी बढ़ाते हुए आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत