रतलाम/सरवन। रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर रविवार रात करीब 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरवन क्षेत्र में रात रिछी फंटे के समीप ग्राम माकोड़िया रुंडी के पास अज्ञात व्यक्ति ने चलती अम्बर बस पर अचानक पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे बस के सामने के कांच पर लगा, जिससे कांच बुरी तरह टूट गया। घटना के दौरान बस में सरवन क्षेत्र के कई मजदूर सवार थे, जो रोजाना रतलाम मजदूरी के लिए आवागमन करते हैं।
जानकारी के अनुसार अम्बर बस क्रमांक MP 43 P 9111 प्रतिदिन शाम करीब 6 बजे रतलाम से सैलाना होते हुए सरवन की ओर रवाना होती है। रविवार रात भी बस अपने निर्धारित मार्ग पर जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 8 बजे रात रिछी फंटे के पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा अचानक पत्थर मार दिया गया। तेज गति से आए पत्थर से बस का अगला कांच टूट गया। इस दौरान आगे बैठी सवारियों को भी कांच के टुकड़े लगने से चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि घटना के समय बस चालक रवि परिहार ने बेहद सूझबूझ और मुस्तैदी का परिचय देते हुए बस को नियंत्रित कर लिया। चालक की सतर्कता के चलते बस अनियंत्रित होने से बच गई और एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यदि पत्थर लगने के बाद बस का संतुलन बिगड़ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद चालक रवि परिहार बस लेकर तत्काल सरवन थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, प्रधान आरक्षक विमल निनामा, प्रधान आरक्षक मुकेश चौहान सहित पुलिसकर्मी मौके की जानकारी जुटाने में लगे रहे।
घटना को लेकर बस में सवार मजदूरों और क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि चलती बस पर पत्थर फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस पर पत्थर किसने और किस वजह से फेंका।
रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर इस तरह चलती बस को निशाना बनाए जाने की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत