|
चीताखेड़ा । चीताखेड़ा -हरनावदा के बीच झील में स्थित ग्राम पंचायत चीताखेड़ा के अंतर्गत रुणिजा के नाथ पीरों के पीर बाबा रामदेव के अलौकिक मंदिर पर मेला समिति के तत्वावधान में आज दिवस 13 सितंबर 2026 रविवार को इस बार 74 वां भव्य मेला प्रारंभ हो चुका है। मेले में दूर-दूर शहरी एवं ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मेलार्थियों के पहुंचने की संभावना है। मेले में थाना प्रभारी उमेश यादव के निर्देश पर पुलिस सहायता केंद्र चीताखेड़ा चौकी प्रभारी धारा सिंह सोलंकी की टीम ने व्यवस्था की कमान संभाली हुई है। मेले में शरारतियों पर नजर हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उपरोक्त जानकारी बाबा रामदेव मेला समिति अध्यक्ष नागेश्वर जावरिया, उपाध्यक्ष भगत मांगरिया ने प्रेस विज्ञप्ति में देते हुए बताया है कि बाबा रामदेव के दिव्य दर्शन मात्र से मांगी गई मुरादें शीघ्र पूरी हो जाती हैं, कोडियन को काया, अंधन को आंख, बांझन को पुत्र की कृपा बरसाने वाले के चमत्कार से दिनों दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती जा रही हैं। बाबा रामदेव के अलौकिक दरबार में दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा दी है। मेले में रतलाम, मंदसौर, मल्हारगढ़ ,निंबाहेडा,चित्तौड़गड ,नीमच, जावद सहित कई शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दिव्य दर्शन कर मेले का आनंद लेते हैं। कई भक्त अपनी मुरादे पूरी होने पर बाबा के दरबार में स्वदेशी वाद्ययंत्रों ढोलक, झांझ मजीरा और हारमोनियम की स्वरलहरियों के साथ निशान (ध्वजा) लेकर बाबा रामदेव के सुमधुर भजन कीर्तन करते हुए पैदल बाबा की चौखट पर आकर मत्था टेक कर बाबा का धन्यवाद करते हैं। इस महोत्सव में विशेष रूप से झाबुआ जिले से कई धर्मप्रेमी बंधु इसमें सहभागिता की गई। मेला समिति अध्यक्ष नागेश्वर जावरिया अपनी टीम के साथ मेले को सफल बनाने के लिए रात दिन व्यवस्था में लगे हुए हैं। पीरों के पीर बाबा रामदेव अलौकिक दरबार को विद्युत रोशनी से जगमगाया गया है। बाबा रामदेव मेला समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के समस्त धर्म प्रेमी बंधुओं से अनुरोध किया कि अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर मेले को सफल बनाएं और बाबा के दिव्य दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाएं। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |