|
डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया ने मातृत्व इकाई सहित विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण नीमच । कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया ने गुरुवार की रात्रि में जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मातृत्व इकाई, सीटी स्कैन, ओपीडी, लैब, दवा वितरण केंद्र, ट्रॉमा एवं आकस्मिक इकाई, आईसीयू, मेडिकल, सर्जिकल एवं टीबी वार्ड का निरीक्षण किया। मातृत्व इकाई के निरीक्षण के दौरान रात्रि 7:50 बजे सुरक्षा कर्मी अजय अनुपस्थित पाए गए। प्रसूति/सीजेरियन वार्ड में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली तथा सफाई कर्मी भी अनुपस्थित पाई गईं। वार्ड में एक महिला मरीज के साथ निर्धारित से अधिक परिजन/सहायक मौजूद पाए गए। चार मरीजों को बेडशीट उपलब्ध नहीं थी तथा रात्रि 8:15 बजे तक सुरक्षा गार्ड उपस्थित नहीं हुआ। दवा वितरण केंद्र में स्टाफ उपस्थित मिला, लेकिन वहां सामान व्यवस्थित नहीं पाया गया। ट्रॉमा एवं आकस्मिक इकाई में मेडिकल स्टाफ मौजूद था, जबकि सुरक्षा कर्मी अनुपस्थित मिला। आईसीयू में नर्सिंग स्टाफ उपस्थित था, लेकिन मरीजों के रिश्तेदारों की संख्या अधिक पाई गई। मेडिकल वार्ड में इमरजेंसी बोर्ड अपडेट मिला, जबकि बायो-वेस्ट बिन निर्धारित क्षमता से अधिक भरा पाया गया। सर्जिकल वार्ड की व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। टीबी वार्ड में चिकित्सक द्वारा मरीजों का परीक्षण किया जा रहा था। सीटी स्कैन, ओपीडी एवं लैब यूनिट संचालित पाई गईं। लैब में कुछ नई मशीनों के रिएजेंट की सप्लाई नहीं होने की जानकारी मिली। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री भयाड़िया ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में सुरक्षा, स्वच्छता, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन तथा मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सहायक प्रबंधक (अस्पताल प्रशासन) डॉ. जनमेजय शाक्य उपस्थित रहे। |