|
मंदसौर। जिले की गरोठ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलोग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले में तीसरा आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त की गई अफीम अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन और थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में एएसआई जसराजसिंह चंदेल की टीम ने कछालिया रोड गज्जाखेड़ी फंटा पर घेराबंदी की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आई-स्मार्ट बाइक (MP-14 MS-3352) सवार तूफान सिंह को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 2 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी तूफान ने बताया कि वह यह अफीम सेमलीरुपा के दरियावसिंह से खरीदकर पिपल्या मिट्टेशाह निवासी श्रवणसिंह को देने जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अफीम सप्लाई करने वाले दरियावसिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी श्रवणसिंह पिता कालुसिंह निवासी पिपल्या मिट्टेशाह थाना गरोठ फिलहाल फरार है। गिरफ्तार आरोपीयों कि पहचान, तूफान पिता शिवलाल (25) निवासी चांदखेड़ी थाना शामगढ़ व दरियावसिंह पिता उंकारसिंह (65) निवासी सेमलीरुपा थाना गरोठ जिला मंदसौर के रूप में हुई। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ तस्करी में इस्तेमाल आई स्मार्ट मोटरसाइकिल कीमत करीब 50 हजार सहित 20 हजार का एक सैमसंग एंड्राइड मोबाइल जप्त किया है। गरोठ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 और 29 के तहत अपराध क्रमांक 368/2026 दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपी श्रवणसिंह की तलाश कर रही है। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |