रतलाम /सैलाना। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और समय रहते आंखों से जुड़ी बीमारियों की पहचान कर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में “नेत्र जांच से सेवा तक” नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों ने पहुंचकर अपने नेत्रों की जांच कराई।
शिविर में नेत्र चिकित्सक सहायक कपिल डामोर द्वारा कुल 68 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। इनमें 40 पुरुष एवं 28 महिलाएं शामिल रहीं। जांच के दौरान जरूरतमंद 42 लोगों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली। वहीं गंभीर समस्या वाले 3 मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
नेत्र परीक्षण के दौरान 5 मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए। इन मरीजों के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए आगामी 15 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा अन्य मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के बाद निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के खंड चिकित्सकीय अधिकारी शैलेंद्र डांगे, कैलाश यादव, आयुष विभाग से रमेश कटारा एवं अनिल मेहता, भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक शैतान सिंह पटेल, रवि करोतिया एवं देवेन्द्र भदौरिया उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन में नवांकुर संस्था भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन से हरीश सिलावट, राजेन्द्र कुमावत एवं परामर्शदाता योगेश तंवर, नवांकुर संस्था एकलव्य युवा जन उत्थान समिति, शिवगढ़ के परामर्शदाता पवन पारगी, नवांकुर संस्था आदर्श सकरावदा ग्राम विकास समिति की परामर्शदाता प्रतिज्ञा गुर्जर सहित सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग किया।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियों को पहुंचाना है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जांच शिविर लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। समय पर आंखों की जांच होने से बीमारी की पहचान शुरुआती स्तर पर संभव होती है और मरीज को उचित उपचार एवं मार्गदर्शन मिल पाता है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत