|
नपा अध्यक्ष ने सीएमओ व पार्षद के साथ किया अटल सेतु का निरीक्षण नीमच। स्थानीय हेडगेवार बस स्टैंड (प्राइवेट बस स्टैंड) पर जर्जर पुलिया ( रपट)के स्थान पर नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में जारी विकास श्रृंखला के तहत 01 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से नवीन पुलिया ( अटल सेतु) का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है छोटे -मोटे शेष कार्य के बाद जल्द ही यह अटल सेतु जनता को समर्पित कर आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। बुधवार 14 अक्टूबर को नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया एवं वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती किरण शर्मा के साथ नवनिर्मित पुलिया का निरीक्षण किया और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र एवं वैभव नगर के रहवासी श्री ओम प्रकाश चौधरी, श्री सगरावत जी सहित अनेक क्षेत्रवासी भी उपस्थित थे। श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि इस नवनिर्मित पुलिया को परिषद से प्रस्ताव पारित कर अटल सेतु नाम दिया गया है। एक करोड़ 95 लाख की लागत से 47 मीटर लंबी और 8 मीटर चौड़ी यह पुलिया मात्र 7 माह में बनकर तैयार हो गई है। पुलिया पर लाइट के लिए पोल लग गए हैं, दोनों तरफ रेलिंग लग गई है, शीघ्र ही पोल पर लाइट लगवा कर एवं रेलिंग पर जाली लगवाने के साथ ही अन्य जो छोटे-मोटे कार्य रह गए हैं उन्हें पूर्ण कर यह अटल सेतु जनता को समर्पित कर दीया जाएगा। श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि प्राइवेट बस स्टैंड स्थिति बरसों पुरानी यह पुलिया काफी जर्जर अवस्था में थी जिससे आवागमन में भी परेशानी होती थी एवं दुर्घटना का भी खतरा बना रहता था, ऐसी स्थिति में उज्जैन एवं भोपाल जाकर नवीन पुलिया के कार्य की प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्राप्त कर यह काम मात्र 7 माह में पूर्ण करवाया गया है ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी ना हो। क्षेत्र के समाजसेवी श्री ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि यहां जो पुरानी रपट थी वह काफी जर्जर हो चुकी थी जिससे आवागमन में परेशानी होती थी और बारिश के दिनों में तो हमें बड़ी पुलिया पर होकर जाना पड़ता था जहां जाम भी लगता रहता था, अब नई पुलिया बनने से बस स्टैंड क्षेत्र, वैभव नगर, पटवा कॉम्प्लेक्स , कीर्ति नगर सहित अन्य क्षेत्रों में आने जाने वाले नागरिकों को काफी राहत मिलेगी, नई पुलिया निर्माण से क्षेत्र वासियों में प्रसन्नता का माहौल है। इस दौरान पार्षद श्रीमती किरण शर्मा ने कहा कि मैंने पार्षद का चुनाव लड़ते समय वार्ड वासियों से इस पुलिया के निर्माण का वादा किया था जो आज सभी के सहयोग से पूरा हो गया है। |