सीतामऊ। छोटी काशी सीतामऊ से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित श्री मुवाझर माताजी मंदिर में नवरात्रि महोत्सव के दौरान आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। माताजी मंदिर समिति मुवाला एवं श्री मुवाझर सामाजिक एवं जनकल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव का समापन अष्टमी पर पूर्णाहुति के बाद भव्य 21 हजार दीपदान कार्यक्रम के साथ हुआ। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। इस आयोजन में आसपास के 30 गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन और दीपदान के लिए पहुंचे।
21 हजार दीपों से रोशन हुआ मंदिर परिसर
माता रानी के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट करते हुए श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ दीपदान किया। पूरे मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी ने भक्तिमय वातावरण बना दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 70 किलो साबूदाने की खिचड़ी का वितरण भी किया गया। तीन दिवसीय महोत्सव में कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन कर कन्याओं का पूजन किया गया तथा धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया।
दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ संत मृत्युंजय चैतन्य स्वामी, शवना, तूफान सिंह यादव, उत्सव जैन, बालेश्वर पाटीदार, धुंधड़का के पंडित जी, लक्ष्मीनारायण पाटीदार और शिवराम मालवीय सहित अन्य अतिथियों ने किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
दशहरे पर पूर्व सैनिकों ने किया शस्त्र पूजन
दशहरे के पावन पर्व पर श्री मुवाझर माताजी मंदिर में सीतामऊ तहसील के पूर्व सैनिकों द्वारा भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व सैनिकों ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन कर परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर हर्ष फायर कर उपस्थित लोगों को दशहरे की शुभकामनाएं दी गईं। धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति और शौर्य की परंपरा का संगम भी देखने को मिला।
धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही समिति
समिति अध्यक्ष अर्जुन गहलोत ने बताया कि मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मंदिर के नवनिर्माण का कार्य भी निरंतर जारी है। समिति का उद्देश्य मंदिर को धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनाने के साथ सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाना है।
आयोजन की सफलता पर समिति सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही माता रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दिनेश हरगोड, वंदना सेन, बलराम हरगोड, सुखदेव पाटीदार, अशोक गेहलोद, बंटी व्यास, लक्ष्मीनारायण पाटीदार, अनिल धनगर, उज्ज्वल घाटिया, महिपाल सिंह, सत्यनारायण पाटीदार, कन्हैयालाल पाटीदार, शिवराम मालवीय तथा मंदिर के पुजारी रामप्रताप माली सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत