|
नीमच जिले को शीघ्र ही अपनी स्वयं की जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की सुविधा प्राप्त होने जा रही है। जिले की अपनी पृथक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक प्रारंभ होने से किसानों एवं सहकारी संस्थाओं को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा पिछले दो वर्षों से भी अधिक समय से नीमच जिले की पृथक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की स्थापना के लिए सतत प्रयासरत थे। उनके अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप अब यह पहल मूर्त रूप लेने जा रही है। कलेक्टर श्री चंद्रा ने अपने कार्यकाल के दौरान हर संभव स्तर पर इस विषय को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की है। किसी जिले के लिए जन-सुविधाओं से जुड़े ऐसे विशेष एवं दूरदर्शी प्रयास करने वाले अधिकारी विरले ही होते हैं। जिले की अपनी जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की स्थापना नीमच जिलेवासियों के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। यह उपलब्धि जिले के किसानों, सहकारी समितियों एवं आम नागरिकों के लिए बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाएगी। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के विशेष प्रयासों की सर्वत्र सराहना की जा रही है। |