जिला संवाददाता मुकेश बीजापारी कि रिपोर्ट
धर्मशाला निर्माण की तैयारी, मंदिर ट्रस्ट समिति के गठन पर बनी सहमति
कानड़। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को अखिल भारतीय जूना गुजराती दर्जी समाज के आराध्य गुरु टेकचंद जी महाराज का 215वां समाधि उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बैंड-बाजे और ढोल की गूंज के बीच निकले भव्य चल समारोह में समाजजनों ने गुरु महाराज के जयकारे लगाए। सुसज्जित बग्गी में विराजित गुरु महाराज के चित्र के दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। महिला मंडल ने गुरु महाराज को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया।चल समारोह का शुभारंभ दर्जी सेरी स्थित समाज मंदिर से हुआ। यात्रा पीपल चौक, खरंजा चौक, झंडा चौक, दयानंद मार्ग और कांकेश्वर मंदिर होते हुए माताजी रोड स्थित मांगलिक भवन पहुंची, जहां गुरु महाराज की आरती के साथ समापन हुआ। समारोह के दौरान थाना प्रभारी राजकुमार दांगी पुलिस बल सहित तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आयोजन की रूपरेखा समाज के युवा तरुण संघ द्वारा तैयार की गई थी।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
चल समारोह का खरंजा चौक पर पूर्व मंडी अध्यक्ष राजमल सोनी द्वारा सोनी समाज के नेतृत्व में स्वागत किया गया। आर्य कॉम्प्लेक्स पर राजेश माली,पार्षद विजयलक्ष्मी माली और हरिनारायण राठौर ने स्वागत किया। दयानंद मार्ग पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सिद्धनाथ चौधरी और भाजपा नेता कैलाश परिहार ने समारोह का अभिनंदन किया।नगर परिषद चौराहे पर लोकप्रिय विधायक मधु गहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि बाबूलाल बीजापारी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ओमप्रकाश पालीवाल, मंडल महामंत्री कविता शर्मा, पार्षद विजयलक्ष्मी माली, पूर्व पार्षद सैयद नसीर अली, बनेसिंह चौहान, रमेश सूर्यवंशी, डॉ. देवनारायण गौड़ और भरत संगवालिया सहित अन्य लोगों ने समाज के निर्माण समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल परमार, समाज के वरिष्ठजनों तथा तरुण संघ के सदस्यों का पुष्पमालाओं और साफा बांधकर स्वागत किया।
महिला मंडल ने लगाया छप्पन भोग
समाधि उत्सव के अवसर पर समाज के महिला मंडल ने गुरु टेकचंद जी महाराज को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। समाजजनों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जल्द रखी जाएगी धर्मशाला निर्माण की नींव
चल समारोह के पश्चात नगर सहित आसपास के गांवों से आए समाजजन मांगलिक भवन में एकत्रित हुए। यहां समाज के निर्माण समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल परमार ने वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने समाज के लिए बड़ी धर्मशाला निर्माण की योजना रखते हुए बताया कि जल्द ही इसकी नींव रखी जाएगी। प्रस्ताव का समाजजनों ने करतल ध्वनि से समर्थन किया।बैठक में मंदिर ट्रस्ट समिति के गठन पर सर्वसम्मति बनी। समाजजनों ने धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा समाज के सामूहिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।
महाआरती के बाद हुआ सामूहिक भोज
कार्यक्रम के अंतिम चरण में चौहान परिवार ने आरती की सर्वाधिक बोली लगाकर सपरिवार गुरु टेकचंद जी महाराज की महाआरती की। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात मांगलिक भवन में सामूहिक भोज आयोजित किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के गांवों से आए समाजजनों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।आयोजन में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समाधि उत्सव ने समाज में धार्मिक आस्था, आपसी एकता और संगठन की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।