|
मंदसौर। नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना नाहरगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने 2 क्विंटल 27 किलो अवैध डोडाचुरा और तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति इको वाहन सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए डोडाचुरा और वाहन की कुल कीमत लगभग 8,40,500/- रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को थाना नाहरगढ़ पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि बिल्लोद की तरफ से एक मारुति इको वाहन में अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा भरकर देवरी की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल और एसडीओपी गिरीश जेजुलकर के मार्गदर्शन में, नाहरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिल्लोद-नाहरगढ़ रोड पर पुलिया के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान बिल्लोद की ओर से आ रहे संदिग्ध मारुति इको वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें से 2 क्विंटल 27 किलोग्राम अवैध डोडाचुरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 3,40,500 रुपये आंकी गई है पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए अवैध डोडाचुरा और परिवहन में प्रयुक्त मारुति इको वाहन (कुल कीमत ₹8,40,500/-) को जब्त कर लिया है। मौके से आरोपी दिनेश पिता रामदास बैरागी निवासी देवरी को गिरफ्तार कर थाना नाहरगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और कार्रवाई को सफलता पूर्वक अंजाम देने में थाना नाहरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी, कार्यवाहक सउनि दशरथ माली और पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा है। |