|
स्थापना दिवस समारोह में सांसद ने प्रत्येक छात्रा को 1100 रुपये देने की घोषणा, किसान स्वाभिमान पर्व में कृषि क्विज के विजेता किसानों को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी आगर-मालवा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार शाम स्थानीय गांधी उपवन स्थित सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास, लोकसंस्कृति और विकास की झलक देखने को मिली। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया, वहीं कृषि क्विज के विजेता किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटी की सांकेतिक चाबियां सौंपकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, विशिष्ट अतिथि आगर विधायक श्री माधव सिंह (मधु) गहलोत, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री ओम मालवीय एवं कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मध्यप्रदेश एवं मालवा की लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और विकास गतिविधियों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं की झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले छात्राओं के समूह की प्रत्येक छात्रा को सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने अपनी ओर से 1100-1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। ज्ञान बना किसानों के सम्मान का आधार समारोह में प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं किसानों को सम्मानित किया गया। श्री कृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश की ओर से जिले के सोयतकलां निवासी छात्र देवांश कुशवाहा को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन कृषि क्विज के जिले के तीन विजेता किसानों को सांसद, विधायक, कलेक्टर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुरस्कार स्वरूप वाहनों की सांकेतिक चाबियां एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कृषि क्विज के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि लोकोत्सव 2026 के उपलक्ष्य में संस्कृति विभाग एवं वीर भारत न्यास द्वारा 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन कृषि क्विज आयोजित की गई थी। इसमें जिले के तीन किसानों ने पुरस्कार जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले किसानों में प्रथम स्थान पर ग्राम गोंदलमऊ के श्री पवन कुमार रहे, जिन्हें 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य का ट्रैक्टर प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले ग्राम पनाला के श्री मोतीलाल सोंधिया को 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले ग्राम गंगापुर के श्री बगडू सिंह को 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की ई-स्कूटी प्रदान की गई। विजेता किसानों को प्रमाण-पत्र के साथ वाहनों की सांकेतिक चाबियां सौंपी गईं। प्रथम पुरस्कार विजेता श्री पवन कुमार ने पुरस्कार प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वीर भारत न्यास के प्रति आभार जताया। विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र समारोह स्थल पर जिला प्रशासन द्वारा मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। सांसद श्री सोलंकी, विधायक श्री गहलोत, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री मालवीय एवं कलेक्टर डॉ. मीना सहित जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसकी सराहना की। कार्यक्रम में श्री भेरुसिंह चौहान, बाबूलाल यादव, दिनेश परमार, करणसिंह यादव, कैलाश गवली, पूर्व विधायक गोपाल परमार, जितेंद्र सिंह चौहान, हरिनारायण यादव, प्रेम यादव, भरत प्रजापत, गौरव एवं मीना स्वर्णकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। |