|
आगर मालवा : सुसनेर मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में उद्यमियों को प्रोत्साहित करने, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा शासन की औद्योगिक योजनाओं का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्र आकली, सुसनेर में उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री बालाजी मार्बल एवं ग्रेनाइट इंडस्ट्री का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। औद्योगिक क्षेत्र आकली में आयोजित हुआ कार्यक्रम इंदौर-कोटा रोड से लगभग आधा किलोमीटर दूर उद्योग विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्र आकली में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती ग्राम शिल्पी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री राजेश देशमुख जागीरदार ने की। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक श्री भानु प्रताप सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। मां सरस्वती एवं भगवान विश्वकर्मा का हुआ पूजन-अर्चन कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर मां सरस्वती एवं भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन कर किया गया। इस अवसर पर पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री श्री सिद्धार्थ बम्मोरी, एसबीआई शाखा सुसनेर के मुख्य शाखा प्रबंधक श्री पवन टंडावे, उद्योग विभाग आगर के सहायक संचालक उद्योग श्री राम सोलंकी, एसबीआई के एजीएम श्री प्रांजल श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के जेई श्री इमरान खान तथा उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक श्री बहादुर सिंह धारवे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। औद्योगिक योजनाओं की जानकारी दी उद्यम संवाद में महाप्रबंधक उद्योग ने उद्यमियों को शासन की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, स्टार्ट अप योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उद्योग स्थापना की प्रक्रिया, वित्तीय समस्याओं के समाधान, अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा विद्युत कनेक्शन एवं अन्य विद्युत संबंधी विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। नए उद्योगों की स्थापना को मिलेगा प्रोत्साहन अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से उद्यमियों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे जिले में नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहन मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों। उद्यमी एवं संगठन के सदस्य रहे उपस्थित कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के जिला संयोजक श्री पीरू सिंह कावल, इकाई सुसनेर के अध्यक्ष श्री संजय तिवारी, सचिव श्री बंटी कारपेंटर, एल्डरमेन श्री लखावत, वरिष्ठ संयोजक श्री गोपी लाल कारपेंटर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री शिवनारायण कारपेंटर, उपाध्यक्ष श्री तूफान सिंह, श्री अभय जैन, श्री मुकेश गहलोत, श्री विशाल जैन सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार श्री मुकेश पाटीदार ने किया तथा आभार बालाजी मार्बल एवं ग्रेनाइट इंडस्ट्री के संचालक श्री रतन विश्वकर्मा ने व्यक्त किया। |