रतलाम / बाजना । हिन्दू समाज को जागरूक, संगठित और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ विश्व हिन्दू परिषद के देशव्यापी हिन्दू हित चिंतक सदस्यता महाअभियान का रतलाम जिले में जोरदार आगाज हुआ। रविवार 22 नवम्बर 2026 को बाजना प्रखंड में अभियान का विधिवत शुभारम्भ किया गया। महाअभियान के प्रारम्भ होते ही विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता मैदान में उतर गए और गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर हिन्दू परिवारों को संगठन से जोड़ने की मुहिम में जुट गए।
अभियान के तहत हिन्दू परिवारों से सीधा संपर्क कर उन्हें विश्व हिन्दू परिषद का हिन्दू हित चिंतक बनाया जा रहा है। कार्यकर्ता घरों तक पहुंचकर सदस्यता अभियान के उद्देश्य, संगठन की गतिविधियों और हिन्दू समाज की एकजुटता के महत्व से लोगों को अवगत करा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस अभियान को लेकर संगठनात्मक सक्रियता दिखाई दे रही है।
रतलाम जिले के नामली, सैलाना एवं बाजना प्रखंड के विभिन्न ग्रामों में कार्यकर्ताओं ने प्रवास कर सदस्यता अभियान को गति दी। बाजना, भंडारिया, सैलाना, करिया, अडवानिया, धामनोद, खेड़ी, दिवेल, बोदीना, डेलनपुर, इसरथुनी सहित अनेक गांवों में घर-घर संपर्क कर सदस्यता की प्रक्रिया संचालित की गई। कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक हिन्दू परिवारों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लेकर जनसंपर्क किया।
वहीं, नामली प्रखंड के डेलनपुर खंड में विश्व हिन्दू परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें सदस्यता महाअभियान को व्यापक स्वरूप देने, ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा कर रूपरेखा तैयार की गई।
उल्लेखनीय है कि यह देशव्यापी हिन्दू हित चिंतक सदस्यता महाअभियान 22 नवम्बर से 6 दिसम्बर 2026 तक चलेगा। इस दौरान रतलाम विभाग से लेकर जिला, प्रखंड, खंड एवं ग्राम समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
विश्व हिन्दू परिषद की इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक हिन्दू परिवार तक पहुंच बनाना, समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करना है। आने वाले दिनों में जिले के ग्रामीण अंचलों में अभियान की गतिविधियां और तेज होंगी। हिन्दू हित चिंतक महाअभियान के माध्यम से संगठन गांवों तक अपनी पहुंच मजबूत करने और अधिकाधिक परिवारों को जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत