गंगाखेड़ी/पेटलावद (झाबुआ)। बदलती जलवायु और तेजी से बदलते मौसम का असर अब केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। बढ़ती गर्मी, मौसम में अनियमितता और जलवायु संबंधी बदलाव बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले संवेदनशील वर्गों के लिए गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियां खड़ी कर सकते हैं। इन्हीं संभावित खतरों से ग्रामीण समुदाय को सुरक्षित रखने और स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गंगाखेड़ी पंचायत भवन में जलवायु परिवर्तन एवं स्वास्थ्य सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
वाग्धारा संस्था एवं इकोसेल्वा परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में क्षेत्र की आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन सृष्टि मसीह ने किया। प्रशिक्षण में जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों, उनकी समय रहते पहचान और ग्रामीण स्तर पर बचाव के उपायों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जलवायु परिवर्तन का सबसे अधिक प्रभाव उन लोगों पर पड़ सकता है, जिनकी स्वास्थ्य संबंधी संवेदनशीलता अधिक होती है। विशेष रूप से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को बदलते मौसम तथा अत्यधिक गर्मी के दौरान अतिरिक्त देखभाल और सतर्कता की आवश्यकता होती है। ऐसी परिस्थितियों में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को बढ़ा सकती है।
कार्यकर्ताओं को समझाया गया कि गांवों में परिवारों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखना, मौसम के अनुसार जरूरी सावधानियों की जानकारी देना, स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों पर नजर रखना तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित व्यक्तियों को उचित स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जलवायु परिवर्तन से जुड़े स्वास्थ्य खतरों से मुकाबला केवल स्वास्थ्य विभाग या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समुदाय की भागीदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता ग्रामीण परिवारों से सीधे जुड़ी होती हैं, इसलिए वे स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक फैसिलिटेटर मुकेश पोरवाल, यूनिट लीडर धर्मेंद्र सिंह चुंडावत सहित सामुदायिक सहजकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए समय रहते जागरूकता, सावधानी और सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है। गांव स्तर पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही ग्रामीण परिवारों को जलवायु जनित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत