रतलाम / सैलाना। नगर के प्रतिष्ठित कॉटन व्यवसायी हस्तीमल लोढ़ा का 72 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। स्वर्गीय बापूलाल लोढ़ा के ज्येष्ठ पुत्र हस्तीमल लोढ़ा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए। उनके निधन से नगर में शोक की लहर छा गई। लेकिन जीवन की अंतिम विदाई के बाद भी वे दो लोगों के जीवन में उजाला भरने का माध्यम बन गए। परिजनों की सहमति से उनका नेत्रदान कराया गया। उनकी आंखों से अब दो जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी मिल सकेगी।
हस्तीमल लोढ़ा व्यवसायी पंकज लोढ़ा और रूपेश लोढ़ा के पिता तथा विदिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग की उप संचालक विनीता लोढ़ा के पिता थे। उनके निधन की खबर फैलते ही सामाजिक कार्यकर्ता अर्पित रांका, राजेश लोढ़ा और सम्यक रांका ने परिवारजनों से संपर्क कर नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। धर्मपत्नी और तीनों बच्चों ने इस पुनीत कार्य के लिए सहमति देकर अनुकरणीय मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
नेत्रदान की सहमति मिलते ही नेत्रम संस्था के हेमन्त मूणत ने गीता भवन न्यास बड़नगर के ट्रस्टी एवं नेत्रदान प्रभारी जीएल दादरवाल को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉ. दादरवाल अपनी टीम के साथ बड़नगर से सैलाना पहुंचे और नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई।
इस अवसर पर समाजसेवी विजय डोशी, आशीष लोढ़ा, पुत्र रूपेश लोढ़ा, अनिल चंडालिया और सिद्धार्थ संघवी सहित अन्य उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व इसी परिवार के चचेरे बड़े भाई एवं समाजसेवी मुथरालाल लोढ़ा के निधन पर भी परिवार ने उनका नेत्रदान करवाया था। लगातार दूसरी बार इस परिवार की पहल ने समाज को मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का संदेश दिया है।
नेत्रम संस्था के हेमन्त मूणत ने कहा कि अब ग्रामीण अंचलों में भी नेत्रदान के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और जिला प्रशासन से मांग की कि नेत्रदान के लिए वाहन एवं प्रशिक्षित अमला 24 घंटे उपलब्ध कराया जाए। संसाधनों के अभाव में कई बार सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रयास सफल नहीं हो पाते और जरूरतमंदों तक रोशनी पहुंचाने का अवसर छूट जाता है।
हस्तीमल लोढ़ा की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन, गणमान्य नागरिक और नगरवासी शामिल हुए। समाज के वरिष्ठ बसंतीलाल संघवी, विजय डोशी, अशोक चंडालिया, देवेन्द्र बांठिया, प्रकाश रांका, महेन्द्र सुराणा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, शान्तिवन जीर्णोद्धार समिति अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, पत्रकार विमल कटारिया और वीरेन्द्र त्रिवेदी सहित अनेक लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। शोकसभा का संचालन संजय मांडोत ने किया। दोनों पुत्रों पंकज और रूपेश ने मुखाग्नि दी।
परिजनों को सौंपा सम्मान प्रमाणपत्र
नेत्रम संस्था ने लोढ़ा परिवार की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना करते हुए उनके निवास पर पहुंचकर परिजनों को सम्मान प्रमाणपत्र प्रदान किया। हस्तीमल लोढ़ा का जाना परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनका नेत्रदान यह संदेश दे गया कि मृत्यु के बाद भी इंसान किसी के जीवन में उम्मीद और उजाला बन सकता है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत