रतलाम। विश्व हिंदू परिषद द्वारा देशभर में संचालित हिन्दू हित चिंतक सदस्यता महाअभियान के अंतर्गत विरुपाक्ष महादेव प्रखंड में संगठनात्मक गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन की विचारधारा एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से परिषद के प्रांत एवं विभाग स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मैदान में उतरकर गांव-गांव संपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में विरुपाक्ष महादेव प्रखंड में व्यापक स्तर पर हित चिंतक अभियान चलाया गया।
अभियान में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री एवं रतलाम विभाग के पालक संजय होलकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ विभाग संयोजक राजाराम होरी, विभाग नैतिक शिक्षा प्रमुख राधेश्याम रावल, जिला अध्यक्ष जयंतीलाल पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष आशु टाक सहित प्रखंड के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अभियान को गति देने और संगठन का विस्तार करने के लिए जनसंपर्क किया।
अभियान के दौरान सात रूंडा, कमेड़, कमठाना, बिरमावल, शिमलावदा, बेरछा, कोटली और नौगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने की रूपरेखा बनाई गई है। इन क्षेत्रों में कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को हिन्दू हित चिंतक अभियान की जानकारी देंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास करेंगे।
परिषद का यह महाअभियान 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से संगठन अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के साथ ही नए लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने में जुटा है। प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से अभियान को गति मिल रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकाधिक परिवारों और युवाओं तक पहुंच बनाने पर जोर दिया।
अभियान की जानकारी विश्व हिंदू परिषद के सह प्रचार-प्रसार प्रमुख रिक्की सेन द्वारा दी गई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत