रतलाम। महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी श्री विवेकानंद जी महाराज के आकस्मिक ब्रह्मलीन होने का समाचार सामने आते ही संत समाज और सनातन धर्मावलंबियों में शोक की लहर छा गई। उनके देवलोकगमन को आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए रतलाम के रामस्नेही समाज एवं धर्मप्रेमियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि स्वामी जी का संपूर्ण जीवन धर्म, अध्यात्म, सदाचार और मानव कल्याण के संदेश को समर्पित रहा।
स्वामी श्री विवेकानंद जी महाराज का रतलाम से विशेष आत्मीय और आध्यात्मिक जुड़ाव रहा। उनके पावन सान्निध्य में रतलाम में आयोजित चातुर्मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और शास्त्रों का अमूल्य ज्ञान प्राप्त हुआ था। उनके प्रवचनों ने भक्तों को आध्यात्मिक चेतना, धर्म के मार्ग पर चलने और जीवन में सद्भावना के संस्कारों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उनका सरल, सहज एवं सौम्य व्यक्तित्व, ओजस्वी वाणी और सभी के प्रति प्रेमपूर्ण व्यवहार रतलामवासियों के हृदय में सदैव जीवंत रहेगा।
राष्ट्रसंत बड़ा रामद्वारा जोधपुर के पूज्य स्वामी एवं प्रखर वक्ता श्री हरिराम जी महाराज शास्त्री तथा रामस्नेही हरिमानव परमार्थ सेवा संस्था रतलाम के अध्यक्ष प्रकाश परमार ने स्वामी जी के ब्रह्मलीन होने पर गहन शोक व्यक्त किया। संस्था के संगठन मंत्री अशोक देवड़ा, प्रवक्ता अनिल पुरोहित, कन्हैया पटेल, शांति बाई सांखला, सरस्वती पटेल, तारा सांखला, धीरज पांड्या, पार्षद आयुषी जलज सांखला, पूर्व पार्षद वंदना पुरोहित, प्रेमलता देवड़ा, संदीप यादव, संजय सोनी, दामोदर राठौड़, तुलसी पटेल एवं रानी परमार ने भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि देते हुए सभी ने कहा कि पूज्य संतों का सान्निध्य समाज को धर्म और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करता है। स्वामी विवेकानंद जी महाराज की शिक्षाएं, आध्यात्मिक विचार और उनके द्वारा दिखाया गया धर्म का मार्ग सदैव समाज का मार्गदर्शन करता रहेगा। सभी ने परमात्मा से दिवंगत संत की सद्गति एवं मोक्ष की प्रार्थना करते हुए उनके श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत