|
|
मंदसौर। सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम साखतली में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश तेज़ी से जारी है। जानकारी के अनुसार 27 मार्च 2026 को फरियादी जीवन पाटीदार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता शंकरलाल पाटीदार 26 मार्च की रात खेत पर सोने गए थे। सुबह उनका शव खेत के पास कच्चे रास्ते पर साइकिल सहित पड़ा मिला। मृतक के गले और सिर पर धारदार हथियार से गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि घटना से एक दिन पूर्व आरोपी अर्जुन पाटीदार ने मृतक के परिवार को धमकी दी थी। संदेह के आधार पर बालेश्वर और नानालाल पाटीदार से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपने जीजा अर्जुन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और एक मोटरसाइकिल (हीरो सुपर स्प्लेंडर) जब्त की है। वहीं मुख्य आरोपी अर्जुन पाटीदार अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि 7 आरी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। |