|
|
इंदौर : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, द्वारका शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती महाराज के साथ ओंकारेश्वर में आज पंच दिवसीय आदि गुरु शंकराचार्य प्रकटोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास और मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा वैशाख शुक्ल पंचमी के उपलक्ष्य में आयोजित एकात्म पर्व के पंच दिवसीय भव्य कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, द्वारका पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी के पावन सान्निध्य तथा विवेकानंद केंद्र की उपाध्यक्ष पद्मश्री निवेदिता भिड़े और स्वामी शारदानंद सरस्वती की उपस्थिति में हुआ। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अद्वैत लोक एवं अक्षर ब्रह्म प्रदर्शनी का लोकार्पण किया। साथ ही वैदिक अनुष्ठान में भी सम्मिलित हुए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मार्गदर्शन में एकात्म धाम के द्वितीय चरण में आचार्य शंकर के जीवन और दर्शन पर केंद्रित अद्वैत लोक संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। ज्ञात हो कि मई 2025 में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट में अद्वैत लोक संग्रहालय के निर्माण हेतु 2195 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। अद्वैतामृतम् विमर्श सभा में विभिन्न विषयों पर संवाद जारी इस सत्र के अंतर्गत अद्वैत वेदांत की समकालीन परंपराओं पर विस्तृत और सार्थक संवाद प्रारंभ हुआ। इसमें 17 अप्रैल को अद्वैत एवं Gen Z जैसे महत्वपूर्ण और समसामयिक विषय पर स्वामी स्वात्मानंद सरस्वती, स्वामिनी ब्रह्म प्रज्ञानंद सरस्वती, सतावधानी ललितादित्य और विशाल चौरसिया युवाओं के नजरिए से अद्वैत की व्याख्या करेंगे। उड़िया बाबा पर मां पूर्णप्रज्ञा, स्वामी प्रणवानंद सरस्वती और आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण, अयोध्या द्वारा इस परंपरा के दार्शनिक पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। रिपोर्ट: वसीम अली |