|
|
मंदसौर। जिले में पुलिस ने शुक्रवार को एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया। झार्डा चौकी प्रभारी रितेश डामोर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब साढ़े 8 क्विंटल मछली के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान परिवहन में प्रयुक्त एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि मछली के परिवहन के लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर संदेह के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। जब्त की गई मछली और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इसी दिन सुबह पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा। रिपोर्ट: वसीम अली |