बाजना/रतलाम
देश के सबसे बड़े प्रशासनिक और सामाजिक अभियान जनगणना-2027 को लेकर बाजना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य जारी है। ग्राम पंचायत बाजना सहित पूरे क्षेत्र में जनगणना दल पूरी सक्रियता के साथ घर-घर पहुंचकर आंकड़े जुटा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण अभियान की मॉनिटरिंग के लिए गुरुवार को प्रदेश स्तरीय दल ने बाजना क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जनगणना कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की।
तहसील प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत बाजना के 20 वार्डों में जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु गणनाकर्ता एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। सभी प्रगणकों को आधुनिक डिजिटल व्यवस्था के तहत जनगणना मोबाइल एप्लीकेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से वे रियल टाइम डेटा दर्ज कर रहे हैं। सर्वे के दौरान परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के सदस्यों की संख्या, मकान की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस सहित कुल 34 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी संकलित की जा रही है।
प्रदेश स्तरीय निरीक्षण दल में भोपाल से पहुंचे नामित यादव (ज्वाइंट डायरेक्टर, जनगणना मध्यप्रदेश), जिला जनगणना कार्यालय रतलाम की ओजस्वीनी शर्मा, एसडीएम तरुण जैन एवं अन्य अधिकारियों ने बाजना के वार्ड क्रमांक-4 सहित ग्राम जांबुखादन और सुरजुबडला में घर-घर पहुंचकर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर सर्वे प्रक्रिया की जानकारी ली तथा गणनाकर्ताओं और दल सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी मनीष जैन ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता और डिजिटल प्रणाली के तहत किया जा रहा है। इस दौरान त्रिलोक सिंह कुशवाह, पटवारी मुकेश चौहान, यशवंत वर्मा, प्रगणक कुशाल सेन सहित अधीनस्थ कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसडीएम तरुण जैन ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए सभी नागरिक सही एवं सटीक जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी।
रिपोर्ट - ईश्वर टांक( बाजना )
रिपोर्टर- जितेंद्र कुमावत