बाजना / रतलाम
बाजना थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुंदनपुर में शुक्रवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा प्रबंधक की कथित मनमानी और ग्रामीणों को लगातार परेशान किए जाने के विरोध में जमकर आक्रोश देखने को मिला। बैंक में समय पर कार्य नहीं होने, ग्राहकों से सही व्यवहार नहीं करने तथा छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार चक्कर लगवाने से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना था कि बैंक मैनेजर आमजन से ठीक तरीके से बात नहीं करते और जरूरतमंद लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बैंक की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बताया कि किसान, मजदूर, महिलाएं एवं बुजुर्ग वर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहा है।
बैंक द्वारा लगातार परेशान किए जाने को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा एवं ग्रामीणजनों ने सब इंस्पेक्टर रामसिंह खपेड़ को आवेदन देकर पूरे मामले से अवगत कराया तथा उचित कार्रवाई की मांग की। आवेदन में बैंक प्रबंधन के रवैये और आमजन को हो रही समस्याओं का उल्लेख किया गया।
सूचना पर सब इंस्पेक्टर रामसिंह खपेड़ एवं एएसआई नीनामा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला। वहीं बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौके पर बुलवाया गया, जहां ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच चर्चा कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ग्राहकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बैंक प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और समय पर कार्य किए जाएं, अन्यथा जनहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
केशु निनामा की सक्रियता और त्वरित हस्तक्षेप से ग्रामीणों में संतोष का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने उनकी जनहितैषी कार्यशैली की सराहना की।
रिपोर्टर : जितेंद्र कुमावत