रतलाम / सैलाना
सैलाना नगर के मुख्य मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस स्टैंड सैलना नगर परिषद अध्यक्ष के निवास के पास स्थित करीब 70 से 80 वर्ष पुराना हरा-भरा नीम का विशाल पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर आ गिरा। पेड़ गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
हादसे में चार मोटरसाइकिलें पेड़ के नीचे दब गईं, जबकि कई राहगीर बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र में खुदाई कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के दौरान पेड़ की जड़ों को नुकसान पहुंचने से वह कमजोर हो गया और अचानक गिर पड़ा।
पेड़ की चपेट में आने से सैलाना निवासी अरुण पिता राजेश राठौर (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सैलाना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रतलाम के गीतादेवी अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार अरुण की रीढ़ (स्पाइन) की हड्डी में गंभीर चोट आई है और उनका उपचार जारी है। वहीं तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद बिजली लाइनें भी प्रभावित हुईं, जिससे आसपास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित हो गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नगरवासी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। महेंद्र शुक्ला नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला , अरविंद मुरेरा, एल्डरमैन नाथूलाल राठौर, रवि ग्वाले, दिनेश आसरा, सुरेश मालवीय, विमल कटारिया, प्रशांत मांडोत, जहीर खान, मोनू शर्मा, नागरिकों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सैलाना अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को मार्ग से गिरे पेड़ को हटाने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय पेड़ गिरा, उस वक्त मार्ग पर लोगों की आवाजाही जारी थी। यदि पेड़ कुछ फीट इधर-उधर गिरता या अधिक भीड़ होती, तो बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता था।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत