|
|
नीमच । पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में 13/14 जून 2026 की दरमियानी रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा पुलिस बल ने संयुक्त रूप से अपराधियों की धरपकड़, निगरानी बदमाशों की जांच, होटल-लॉज एवं ढाबों की चेकिंग तथा महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त आदतन अपराधियों की सघन जांच की। अभियान के दौरान जिले के 12 चिन्हित स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। पुलिस ने 200 से अधिक वाहनों की जांच की तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 116 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 57 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई। लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 120 वारंट तामील कराए, जिनमें 38 स्थायी वारंट तथा 82 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील किए गए वारंटों में मादक पदार्थ तस्करी, शरीर संबंधी अपराधों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों से जुड़े मामले प्रमुख रहे। पुलिस टीमों ने रात्रि गश्त के दौरान 140 सक्रिय निगरानी बदमाशों और दो जिला बदर अपराधियों की औचक जांच की। इस दौरान उनके निवास, उपस्थिति एवं आजीविका के स्रोतों की जानकारी भी एकत्रित की गई। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के 83 होटल, लॉज और ढाबों की जांच की गई। पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। आबकारी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में 17 प्रकरण दर्ज कर 75 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार 200 रुपये है। वहीं सट्टा एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर 5 हजार 320 रुपये नकद बरामद किए गए। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत थाना रतनगढ़ पुलिस ने एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा 80 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद कर जब्त किया गया। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 76 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त चार आदतन अपराधियों की विशेष जांच कर उनके रिकॉर्ड को अद्यतन किया गया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने धार्मिक स्थलों, बैंकों, एटीएम तथा अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच जिला पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। |