रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए न केवल चलती ट्रक को निशाना बनाया, बल्कि चालक और कंडक्टर को वाहन से नीचे उतारकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राजपुरा निवासी राकेश देवड़ा ने रावटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वह अपने ट्रक में रतलाम से यूरिया खाद भरकर आलीराजपुर की ओर जा रहे थे। ट्रक में उनके साथ कंडक्टर राकेश पारगी भी मौजूद था।
रात करीब 11 बजे ट्रक धामनोद से होते हुए दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर माही नदी के पहले ग्राम माला की बीड़ स्थित ब्रिज के समीप पहुंचा, तभी चार बदमाशों ने अचानक रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने ट्रक पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद चालक और कंडक्टर को नीचे उतारकर पत्थरों और लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। मारपीट में कंडक्टर राकेश पारगी को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया।
घटना के दौरान संयोगवश एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पेट्रोलिंग दल ने तत्परता दिखाते हुए नारू और उसके साथी ईश्वर, दोनों निवासी पीपली का माल, को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद डायल-112 को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एनएचएआई टीम द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द किए जाने के बाद रावटी पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए मोतीलाल पिता केहरिंग, महेश पिता नागजी, दिनेश पिता सुतरान, बबलू तथा सूरपाल पिता प्रका, सभी निवासी पीपली का माल, को भी गिरफ्तार कर लिया।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत