|
|
चीताखेड़ा/जीरन। राज्यसभा उम्मीदवार के नामांकन निरस्त होने के विरोध में बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस जीरन के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती सहित स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ता गणपति मंदिर चौराहा (नीमच रोड) पर एकत्रित हुए और हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए विरोध जुलूस निकाला। जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए जीरन बस स्टैंड पहुंचा। बस स्टैंड पर कुछ कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का पुतला दहन करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला दहन रोक दिया। थाना प्रभारी उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतला लेकर आग बुझा दी। इसके लिए वहां मौजूद दमकल वाहन की भी सहायता ली गई। पुतला दहन नहीं हो पाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने बस स्टैंड पर सभा आयोजित कर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया और अपने विरोध को दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |