सैलाना। थाना क्षेत्र के कोटड़ा रोड स्थित नर्सिंग कॉलेज के सामने गौवंश की निर्मम हत्या के मामले में सैलाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपी पूर्व में भी गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों में आरोपी रह चुके हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सुनील पुत्र रमसु वसुनिया निवासी ग्राम इटावा, जिला झाबुआ तथा दुलसिंह पुत्र बारजी डिंडोर निवासी ग्राम कोटड़ा, थाना सैलाना शामिल हैं। दोनों को आदतन अपराधी बताया जा रहा है और इनके विरुद्ध पहले से भी कई प्रकरण दर्ज हैं।
नर्सिंग कॉलेज के सामने मिले थे गौवंश के अवशेष
घटना 16 जून 2026 की रात करीब 11 बजे की है। बांसवाड़ा रोड स्थित नर्सिंग कॉलेज के सामने खेत के किनारे गौवंश का कटा हुआ सिर, पैर और चमड़ी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था।
विनोबा मार्ग (गवली मोहल्ला) निवासी राजवीर पिता दिलीप ग्वाले ने 17 जून को थाना सैलाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने अपने साथियों रोहित जोशी, संदीप टिकादार और जीवन कसेरा को भी घटनास्थल पर बुलाया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 201/2026 के तहत मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 एवं 9 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
रातभर चला विरोध, हाईवे पर लगा जाम
घटना की खबर फैलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिपलोदा फंटे स्थित साईं पेट्रोल पंप चौराहे पर रतलाम-बांसवाड़ा हाईवे पर चक्काजाम किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती पिंकी आकाश ने किया। पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल का मार्गदर्शन रहा।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मुखबिर तंत्र तथा साइबर सेल की मदद से दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती पिंकी आकाश, शिवाजी राव जगताप, शंकरसिंह शक्तावत सउनि हितेन्द्र सिंह परिहार, सउनि सीताराम तेनीवार, प्रआर नरेन्द्रसिंह, प्रआर मनीष ओझा, प्रआर पप्पु वाघेला, प्र.आर सदीप भदोरिया, आर- फकीरचन्द्र सोलंकी (थाना नामली), आर तुफान भुरिया, आर- दिनेश पाटीदार , आर यशपाल धनगर, आर मनीष खराड़ी, आर सुर्यप्रसाद, आर विजय मोहनिया, आर भारत अलावा, आर मुरली कटारिया, आर संदीप भदौरिया, सायबर सेल से कार्यवाहक प्रआर मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार की सराहनीय भूमिका रही ।सैलाना थाना स्टाफ तथा साइबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा होने पर क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत