रतलाम। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल धानमंडी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने से रानीजी के मंदिर जाने वाला मार्ग इन दिनों अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सड़क पर आड़ी-तिरछी खड़ी गाड़ियों ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे मौजूद कुछ दुकानदार अपनी गाड़ियों को निर्धारित पार्किंग सीमा से काफी आगे लगभग तीन से चार फीट तक सड़क पर खड़ा कर देते हैं। इसके कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है। जब दोनों ओर वाहन खड़े रहते हैं तो बीच से निकलने के लिए बहुत कम जगह बचती है जिससे आमने-सामने आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और कुछ ही मिनटों में पूरा मार्ग जाम की चपेट में आ जाता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसके कारण आम नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े इस मार्ग पर दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जाम लगने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। कई बार एम्बुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी निकलने में कठिनाई होती है, जिससे किसी भी समय गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर अवैध और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ तत्काल अभियान चलाया जाए, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए तथा नियमित ट्रैफिक निगरानी सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी आमजन की इस परेशानी को कब तक गंभीरता से लेते हैं और धानमंडी क्षेत्र को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत