रतलाम। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को जारी बहुप्रतीक्षित पदोन्नति आदेश में राज्य प्रशासनिक सेवा के 190 अधिकारियों को नियमित रूप से डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है। इस सूची में रतलाम जिले से वर्तमान में सैलाना एसडीएम (प्रभारी डिप्टी कलेक्टर) सुनील जायसवाल का नाम भी शामिल है। उन्हें अब नियमित रूप से डिप्टी कलेक्टर, जिला रतलाम के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्री सुनील जायसवाल अब तक प्रभारी डिप्टी कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली, जनसुनवाई में सक्रियता, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण पदोन्नति मिली है।
सैलाना क्षेत्र में अपने कार्यकाल के दौरान श्री जायसवाल ने आमजन की समस्याओं के समाधान, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनकी पदोन्नति से प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
मध्यप्रदेश शासन के इस आदेश में प्रदेशभर के 190 तहसीलदारों, प्रभारी डिप्टी कलेक्टरों एवं अन्य अधिकारियों को नियमित पदोन्नति प्रदान की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा पदोन्नत अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार आगामी औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी।
सैलाना और रतलाम जिले के लिए यह पदोन्नति प्रशासनिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत