|
|
आगर मालवा। जिले की जनसुनवाई में मंगलवार को आमजन की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई देखने को मिली। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलेभर से पहुंचे 124 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को अवगत कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान अंतरालिया निवासी गोकुल मेघवाल ने आवासीय पट्टे की भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम सुसनेर को तत्काल कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, श्रीपतपुरा सोयताकला निवासी सीताराम ने कृषि भूमि तक जाने का रास्ता बंद होने की समस्या बताई। कलेक्टर ने एसडीएम को मौके पर टीम भेजकर जांच करने तथा खेत तक पहुंचने का मार्ग तत्काल खुलवाने के आदेश दिए। बड़ोद निवासी दिव्यांग रोड़ खां ने व्हीलचेयर एवं श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग को तत्काल आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राही को शीघ्र राहत मिल सके। इसके अलावा राम मालीपुरा के गणेश, ग्राम मैना के करणलाल, लापा खेड़ी की फरीदा बी, ग्राम धनोरा के विष्णु प्रसाद, संजय कुमार, चंदाबाई, सतीश सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके। |