|
|
दान व्यवस्था, नगद, स्वर्ण-रजत के लेखा-जोखा सहित अन्य आरोपों की सात दिन में होगी जांच, जिला पंचायत सीईओ होंगे समिति के अध्यक्ष आगर मालवा। मां बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा से संबंधित एक गैर शासकीय समिति पर लगाए गए आरोपों और प्राप्त शिकायतों के आधार पर कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने त्रि-सदस्यीय संयुक्त जांच समिति का गठन किया है। जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.एस. सोलंकी को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में जिला कोषालय अधिकारी श्री मनीष सोलंकी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नलखेड़ा सुश्री मिनी अग्रवाल को सदस्य नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह सात दिवस के भीतर मां बगलामुखी मंदिर परिसर का निरीक्षण कर दान संग्रहण व्यवस्था, नगद, स्वर्ण एवं रजत के लेखा-जोखा सहित शिकायतों में लगाए गए अन्य आरोपों की विस्तृत जांच करे तथा अपने सुझावों सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जांच समिति से प्राप्त की जा सकती है। |