|
|
नीमच : कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रक (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति, निर्माण कार्यों तथा विभिन्न प्रशासनिक विषयों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुकंपा नियुक्ति के समस्त लंबित प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं सहानुभूतिपूर्वक परीक्षण कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र हितग्राही का प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने जिले के शासनाधीन मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए संबंधित मंदिर प्रबंधकों से कहा कि जहां सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं हैं, वहां शीघ्र कैमरे लगाए जाएं तथा जो कैमरे बंद हैं, उन्हें तत्काल चालू कराकर इसकी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में अंतर-विभागीय समन्वय के अभाव में कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है, ऐसे प्रकरण तत्काल उनके संज्ञान में लाए जाएं, ताकि आवश्यक समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को शीघ्र गति प्रदान की जा सके। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों की रैंकिंग में सुधार लाने, 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा जिन विभागों में अत्यधिक लंबित प्रकरण पाए गए हैं, उन्हें कारण बताओ सूचना-पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आंगनवाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित निरीक्षण करें। साथ ही अपने अधीनस्थ मैदानी अमले से भी नियमित निरीक्षण कराते हुए व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निराकृत रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य राजस्व प्रकरणों का मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करें तथा इस प्रकार की मैदानी कार्रवाई निरंतर जारी रखें, जिससे शासन की कार्यवाही का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव,अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश,एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धारवे सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। |