रतलाम। विकासखंड बाजना के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापुरा माताजी में सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष-03 के पाठ्यक्रम पर आधारित शिक्षक प्रशिक्षण के प्रथम बैच का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण में विकासखंड के 35 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जीवन कौशल आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ संकुल प्राचार्य राजेंद्र पुष्पद के प्रेरक उद्बोधन एवं जन शिक्षक संदीप कुमार सालवी के स्वागत संबोधन से हुआ। प्रशिक्षण का संचालन सक्षम कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर सुश्री लीना राठौर, कैलाशचंद्र चारेल, श्रीमती रीना पाटीदार एवं किशोर परमार ने किया। प्रशिक्षण के समन्वय एवं सफल आयोजन में सक्षम विकासखंड प्रबंधक योगेंद्र सिंह उमठ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को वर्ष-03 के पाठ्यक्रम, 11 जीवन कौशल, जेंडर संवेदनशीलता, डेमो सत्र, एसबीटी (SBT), समूह आधारित गतिविधियाँ, चैट बॉट संबंधी समस्याओं के समाधान, सक्षम कंपोनेंट्स तथा वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन सहित विद्यालयों में कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं व्यवहारिक बताते हुए अपने अनुभव साझा किए और विद्यालयों में जीवन कौशल आधारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों में 21वीं सदी के आवश्यक जीवन कौशल विकसित करने हेतु नवीन शिक्षण तकनीकों से भी परिचित कराया गया।
रिपोर्ट: ईश्वर टाक बाजना