रतलाम। श्रावण मास में करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और भावनाओं के सम्मान को लेकर समाजसेवी रेणुका पोरवाल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली तथा पश्चिम रेलवे मुख्यालय, चर्चगेट (मुंबई) के महाप्रबंधक को सुझाव पत्र भेजा है। पत्र में सावन माह के दौरान रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने अथवा इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है।
रेणुका पोरवाल ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि श्रावण हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र और आस्था से जुड़ा महीना है। इस दौरान देशभर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत, पूजा-पाठ, शिव आराधना और धार्मिक अनुष्ठानों में संलग्न रहते हैं। ऐसे समय रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर खुलेआम मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री कई यात्रियों की धार्मिक भावनाओं को प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने विशेष रूप से ट्रेनों में तैयार होने वाले भोजन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकांश ट्रेनों में अलग-अलग प्रकार के भोजन के लिए पृथक किचन और बर्तनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती। ऐसे में शाकाहारी भोजन करने वाले यात्रियों के मन में भोजन की शुद्धता को लेकर संदेह उत्पन्न हो सकता है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं।
सुझाव पत्र में रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि यदि पूर्ण प्रतिबंध व्यवहारिक रूप से संभव न हो, तो सावन माह के दौरान यात्रियों की धार्मिक आस्था, जनभावनाओं और सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था या विशेष दिशा-निर्देश लागू करने पर गंभीरता से विचार किया जाए।
रेणुका पोरवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका यह सुझाव किसी व्यक्ति, समुदाय अथवा खान-पान की स्वतंत्रता के विरोध में नहीं है। इसका उद्देश्य केवल सावन माह में करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि रेलवे बोर्ड और पश्चिम रेलवे प्रशासन इस सुझाव पर संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करते हुए ऐसा निर्णय लेगा, जिससे यात्रियों की आस्था का सम्मान हो तथा सभी वर्गों के हितों के बीच संतुलन भी बना रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत