रतलाम। रतलाम जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए शनिवार ऐतिहासिक दिन साबित हुआ, जब जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने लगभग 68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बिरमावल और रावटी के अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। इनमें बिरमावल सांदीपनि विद्यालय 34 करोड़ 65 लाख रुपये तथा रावटी सांदीपनि विद्यालय 33 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
लोकार्पण के बाद दोनों मंत्रियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न शैक्षणिक एवं नवाचार प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी और लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि "सांदीपनि विद्यालय किसी मंदिर से कम नहीं हैं। यहां से भविष्य के निर्माता निकलेंगे और बच्चों के उज्ज्वल जीवन की नई शुरुआत होगी।" उन्होंने कहा कि आज मां सरस्वती के मंदिर का लोकार्पण हुआ है तथा वर्तमान पीढ़ी भाग्यशाली है, जिसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों में अध्ययन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश, साइकिल, पाठ्यपुस्तकें सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है।
उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान करते हुए कहा, सोच बदलो, सितारे बदल जाएंगे। साथ ही उन्होंने बिरमावल सांदीपनि विद्यालय तक पहुंचने वाले लगभग डेढ़ किलोमीटर मार्ग के डामरीकरण की घोषणा भी की।
मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय भविष्य गढ़ने वाला अनूठा प्रकल्प है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम द्वारा सांदीपनि आश्रम में प्राप्त शिक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी परंपरा और संस्कारों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने इन विद्यालयों का निर्माण कराया है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन कर अपने गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को भोजन, गणवेश, साइकिल सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बिरमावल क्षेत्र में उच्च शिक्षा की आवश्यकता बताते हुए कॉलेज की स्थापना की मांग भी रखी।
जिला योजना समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि यह भव्य एवं आधुनिक विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बनेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चंद्रवंशी, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अन्य जिला अधिकारी, शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह लोकार्पण समारोह रतलाम जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत