रतलाम। जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में बेहतर सड़क संपर्क और तेज विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है।
विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के लगातार प्रयासों से क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए ₹56 करोड़ 50 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। स्वीकृति मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) ने टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है, जिससे आगामी दिनों में निर्माण कार्य शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस घोषणा से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय लंबे समय से जावरा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई घोषणा के बाद इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए लगातार शासन स्तर पर पहल की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
स्वीकृत परियोजनाओं में 20 किलोमीटर लंबे ग्राम राकोदा–माऊखेड़ी–रियावन–कालूखेड़ा मार्ग का निर्माण तथा 9.50 किलोमीटर लंबे ग्राम मावता–रियावन–बड़ायला माताजी पहुँच मार्ग का निर्माण शामिल है। इन दोनों सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही आसान होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विधायक डॉ. पांडेय को प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने कहा कि जावरा विधानसभा के समग्र विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण संपर्क मार्गों को भी प्राथमिकता दी जा रही है तथा लगभग ₹20 करोड़ से अधिक लागत के पांच अन्य प्रमुख सड़क मार्गों के प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं, जिनकी स्वीकृति भी शीघ्र मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी।
दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति पर विधायक डॉ. पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से जावरा विधानसभा को मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने का संकल्प लगातार पूरा किया जा रहा है। यह स्वीकृति ग्रामीण विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और क्षेत्र की समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत