रतलाम /धामनोद । नगर परिषद धामनोद के वार्ड क्रमांक 12 दीनदयाल नगर के रहवासियों ने अमृत 2.0 योजना के तहत चल रहे कार्यों में भारी अनियमितता ठेकेदार की लापरवाही एवं भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पूजा गोयल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
वार्डवासियों का कहना है कि पिछले दो माह से अधिक समय से योजना के तहत सड़कों की खुदाई कर उन्हें अधूरा छोड़ दिया गया है जिससे पूरा वार्ड बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।
रहवासियों के अनुसार ठेकेदार द्वारा पुरानी पेयजल लाइन तोड़ दिए जाने से पिछले दो माह से वार्ड में नियमित पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित है। महिलाएं बच्चे और बुजुर्ग पानी के लिए परेशान हैं तथा रोजमर्रा का जीवन संकट में पड़ गया है। वहीं सीसी सड़कें खोदकर छोड़ देने से जगह-जगह मिट्टी और मलबे के ढेर लगे हुए हैं जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। एंबुलेंस और स्कूली वाहन तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे हैं तथा आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया कि ठेकेदार अधिकांश समय कार्यस्थल पर मौजूद नहीं रहता। मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के काम कराया जा रहा है तथा गुणवत्ताहीन निर्माण और समय पर कार्य पूरा नहीं होने से शासकीय राशि के दुरुपयोग की आशंका भी जताई गई है। वार्डवासियों ने नगर परिषद और ठेकेदार की मिलीभगत होने का भी संदेह व्यक्त करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रहवासियों ने सीएमओ पूजा गोयल से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को तत्काल सुधारकर 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति शुरू कराई जाए। साथ ही ठेकेदार को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए अन्यथा उसका अनुबंध निरस्त किया जाए। खुदाई से हुई क्षति की भरपाई कर वार्ड की सभी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र बहाल करने की भी मांग की गई है।
वार्डवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना प्रदर्शन और जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद और संबंधित ठेकेदार की होगी।
मनोहर बारीवाड़ जीतेन्द्र राजेश निनामा राहुल निनामा अजय पारगी विक्रम निनामा नितेश नारायण राकेश अंकित अर्जुन देवीलाल जुझार एवं भावेश मईड़ा सहित वार्ड क्रमांक 12 दीनदयाल नगर के अनेक रहवासियों ने ज्ञापन दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत