|
आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ.शेर सिंह मीना एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता उज्जैन श्री हर्षवर्धन राय के निर्देशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री गोपाल सिंह राठौर के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री नफीस अहमद खान के नेतृत्व में वृत्त आगर क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर जय माँ भवानी रेस्टोरेंट पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान ढाबे के अन्दर एवं पीछे झाड़ियों में ड्रम गाड़कर तथा खंती में छिपाकर रखी गई कुल 300.61 बल्क लीटर अवैध देशी/विदेशी मदिरा बरामद कर जप्त की गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 2,16,037 रुपये है। ढाबा संचालक आनन्द राजपूत मौके से फरार हो गया है। जिला आबकारी अधिकारी आगर मालवा श्री गोपाल सिंह राठौड़ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यवाही आबकारी उप निरीक्षक श्री नरेन्द्रसिंह डामर ने की जिसमें उप निरीक्षक श्री वैभव टाकर एवं आबकारी आरक्षक सर्वश्री दीनबन्धु पाटीदार, सुनील कुमार, गौरव जड़ेजा, योगेन्द्रसिंह पवार व सुश्री पूजा परमार का विशेष सहयोग रहा। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी । |