|
नीमच। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला आबकारी विभाग के कार्यपालिक दल ने ग्रामीण क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की। आबकारी दल ने ग्राम केनपुरिया, जोरावरपुरा, मांगरोल, मांगरोल चक, मुंडला चक, बोरखेड़ी सहारग्राम एवं हिंगोरिया सहित अन्य क्षेत्रों में संदिग्ध स्थलों पर दबिश देकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान 3.24 बल्क लीटर देशी मदिरा प्लेन, 25 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 880 लीटर महुआ लाहन बरामद कर जब्त किया गया। अवैध मदिरा के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 36(ए) के तहत कुल 7 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 96,176 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही आबकारी विभाग द्वारा नयागांव टोल के समीप अंतरराज्यीय हाईवे पर नाका लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। |