रतलाम/सैलाना। नगर के प्रमुख एवं धार्मिक स्थल सत्यनारायण मंदिर चौराहे पर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा सार्वजनिक सड़क एवं फुटपाथ पर कथित रूप से किए गए अतिक्रमण को लेकर नगर के पार्षदों और एल्डरमैन ने मोर्चा खोल दिया है। आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए चौराहे की यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित अग्नि दुर्घटना को लेकर पुलिस थाना सैलाना एवं नगर परिषद को संयुक्त रूप से आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
11 सितंबर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया कि सत्यनारायण मंदिर चौराहा नगर का अत्यंत व्यस्त और धार्मिक स्थल है। यहां संचालित होटल एवं रेस्टोरेंट की दुकानों के बाहर सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर टेबल-कुर्सियां, काउंटर, भट्टी तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडर रखे जाने से मार्ग संकरा होने और दिनभर यातायात प्रभावित होने की शिकायत सामने आई है। आवेदन में आरोप लगाया गया कि सार्वजनिक स्थान पर कुर्सियां लगाकर लोगों के बैठने के कारण मंदिर आने वाली महिला श्रद्धालुओं, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं और राहगीरों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
पार्षदों का कहना है कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान भी स्थानीय स्तर पर संबंधित संचालकों को समझाइश दी गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। अब गणेश उत्सव के दौरान इसी चौराहे पर गणेश पंडाल स्थापित होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही और भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क पर रखी खुली भट्टियां और गैस सिलेंडर सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय बताए गए हैं। भीड़ के बीच आगजनी या भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर बड़ा हादसा होने की आशंका जताई गई है।
आवेदन में पुलिस और नगर परिषद से संयुक्त कार्रवाई कर सार्वजनिक सड़क एवं फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने, टेबल-कुर्सियां और भट्टियां हटवाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही गणेश उत्सव के दौरान चौराहे पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई है।
आवेदन देने वालों में पार्षद विशाल धभाई, पार्षद हेमलता धभाई, पार्षद मुकेश पटेल, पार्षद कुलदीप कुमावत, पार्षद आशा किशोर कसेरा, एल्डरमैन सपना खराड़ी, एल्डरमैन अतुल जी राठौर, एल्डरमैन रवि शर्मा एवं एल्डरमैन वर्दीचंद पाटीदार शामिल हैं। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गणेश उत्सव से पहले प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत