रावटी/रतलाम। रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलखेड़ी में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में घास काटने गई महिला को तेज दुर्गंध आने पर झाड़ियों के बीच एक युवक का क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया। शव के कुछ दूरी पर एक संदिग्ध कंकाल भी मिला। कंकाल के पास महिलाओं के कपड़े और घाघरा मिलने से मामला और गंभीर हो गया। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रही है। वहीं घटनास्थल से कीटनाशक (सल्फॉस) की डिब्बी मिलने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया दोनों के आत्महत्या करने की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम सेमलखेड़ी निवासी कुसुम पति शंकर खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें खेत से तेज दुर्गंध महसूस हुई। आसपास तलाश करने पर झाड़ियों में शव पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। शाम करीब 6 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। डायल-112 से सूचना मिलने के बाद रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गड़रिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीओपी नीलम बघेल और एफएसएल अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच की।
पुलिस के अनुसार मौके से एक युवक का शव और एक महिला का कंकाल बरामद हुआ है। युवक की पहचान सुखराम (19) पिता रमेश देवदा निवासी सेमलखेड़ी (देवदा) के रूप में हुई है। वहीं कंकाल के पास मिले महिलाओं के कपड़ों और पूर्व में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर परिजन इसे एक नाबालिग लड़की का शव होने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि महिला/नाबालिग की पहचान की आधिकारिक पुष्टि DNA जांच के बाद ही होगी।
एसडीओपी नीलम बघेल ने बताया कि दोनों शव करीब 8 से 10 दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। दोनों की शिनाख्त की प्रक्रिया की जा चुकी है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। घटनास्थल से सल्फॉस की डिब्बी सहित कुछ परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर दोनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है। पीएम के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर में युवक और लड़की पक्ष के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति भी बनी। इसमें मृतक के भाई के सिर में मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल रावटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, गुमशुदगी से जुड़े तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ DNA जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। DNA रिपोर्ट आने के बाद ही कंकाल की पहचान और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। मामले में पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत