रतलाम। मां कामधेनु शक्तिपीठ, सुजापुर में निर्माणाधीन गौ चिकित्सालय आने वाले समय में गौ सेवा, संरक्षण और चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रविवार को निर्माणाधीन गौ चिकित्सालय का संत समाज एवं गणमान्य नागरिकों ने अवलोकन किया। इस दौरान संतों ने निर्माण कार्य, व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली तथा प्रकल्प को गौ सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
अवलोकन के अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य संत श्री विशोकानंद जी भारती, संत श्री 1008 देवस्वरूपानंद जी महाराज एवं गौ क्रांतिकारी संत श्री गोशरणानंद जी सरस्वती महाराज सहित अनेक संत एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। संतों ने निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण करते हुए गौ चिकित्सालय के माध्यम से गौ माता की चिकित्सा, संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर आचार्य संगम तिवारी, संत रूद्रगोपाल महाराज, सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्री अनिल झालानी, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित, एडवोकेट डॉ. ईश्वर बोराना, भाजपा नेता महेंद्र भड़कुंदिया, श्री नरसिंह जी, श्री नरेंद्र सांखला, डॉ. घनश्याम सिंह जी, आशीष पांड्या एवं ऋतिक शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।
आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य श्री विशोकानंद जी भारती ने गौ सेवा के इस महत्वपूर्ण प्रकल्प की प्रशंसा करते हुए कहा कि गौ माता की सेवा, चिकित्सा और संरक्षण के लिए इस प्रकार का केंद्र खड़ा करना सामान्य कार्य नहीं है। ऐसे सेवा कार्य बिरले संतों के मार्गदर्शन और समाज के सहयोग से ही संभव होते हैं। उन्होंने कहा कि मां कामधेनु शक्तिपीठ सुजापुर में विकसित हो रहा यह गौ सेवा केंद्र भविष्य में एक महत्वपूर्ण सेवा केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र गौ सेवा के लिए देश के नक्शे पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। गौ सेवा के साथ चिकित्सा, संरक्षण और संवर्धन को जोड़ने वाला यह प्रकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी साबित होगा।
वहीं गौ क्रांतिकारी संत श्री गोशरणानंद जी सरस्वती महाराज के मार्गदर्शन में संचालित इस प्रकल्प को लेकर उपस्थित संत समाज और गणमान्यजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने इसे गौ सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से गौ माता के संरक्षण, संवर्धन और सेवा के लिए आगे आकर सहयोग एवं सहभागिता करने का आह्वान किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत