रतलाम / सैलाना। ग्राम पंचायत काँगसी में वागधारा संस्था द्वारा गठित कृषि एवं आदिवासी स्वराज संगठन, काँगसी के संगठन सदस्यों एवं ग्राम स्वराज समूह के सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सैलाना ब्लॉक के करीब 30 गांवों के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण की शुरुआत पी. एल. पटेल द्वारा प्रतिभागियों के परिचय एवं प्रशिक्षण के उद्देश्य से की गई। इस दौरान ग्राम स्तर पर गठित समूहों की भूमिका, कार्य एवं जिम्मेदारियों के साथ ही संगठन द्वारा अब तक किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा उनके निराकरण के लिए नियमित फॉलोअप करने की आवश्यकता है।
संगठन सदस्य तोलाराम हटीला ने संगठन की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए जनपद सीईओ को आग्रह पत्र दिया गया। इसके साथ ही जर्जर स्कूल भवनों की समस्या को लेकर कलेक्टर को आग्रह पत्र सौंपा गया तथा ग्राम पंचायत की विकास कार्य योजना तैयार करने में भी सहयोग किया गया।
महेंद्र कुमावत ने विभिन्न शासकीय विभागों से समन्वय स्थापित करने तथा अधिकारियों से संपर्क कर ग्रामीण समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। वहीं पी. एल. पटेल ने ग्राम विकास कार्य योजना तैयार करने, उसे ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए नियमित फॉलोअप की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम में सरपंच श्री समरथ भाभर ने गांव के विकास में संस्था एवं संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों को दूर करने तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से गांव के विकास को गति देने की बात कही।
ब्लॉक सहजकर्ता पिंकी टेलर ने संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आपसी समन्वय के महत्व पर संवाद किया। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक पहल, विभागीय समन्वय और ग्राम सभा की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के अंत में संगठन ब्लॉक सहजकर्ता श्री मोहनलाल भूरिया ने सभी प्रतिभागियों, संस्था से जुड़े सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में सैलाना ब्लॉक के सभी सामुदायिक सहजकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत