|
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु भक्त निवास का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश, मंदिर परिसर में सुगम दर्शन व्यवस्थाओं का लिया जायजा आगर मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आस्था के केंद्र शक्तिपीठ मां पीतांबरा पीठ बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा में मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने नलखेड़ा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सांसद निधि से 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन भक्त निवास के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भक्त निवास में प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी भी ली। इसके पूर्व कलेक्टर ने पार्किंग स्थल के पास 84 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित तीर्थ यात्री सेवा सदन एवं विश्राम भवनों का भी निरीक्षण किया और इन भवनों में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने इन दोनों नवनिर्मित भवनों का श्रद्धालुओं के लिए शीघ्र बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्राम भवन के समीप स्थित बड़े रकबे में रिक्त शासकीय भूमि का उपयोग नलखेड़ा आने वाले श्रद्धालुओं हेतु वाहन पार्किंग विकसित करने के लिए उक्त भूमि को सुव्यवस्थित कर पर्याप्त साफ-सफाई एवं पेवर लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मंदिर परिसर के बाहर दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों से चर्चा की और प्रतिदिन होने वाली आय आदि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित वर्चुअल दर्शन सुविधा केंद्र और सीसीटीवी निगरानी कक्ष का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंदिर परिसर स्थित भोजनशाला में प्रसाद तैयार करने के कार्य का अवलोकन किया तथा भोजनशाला के समीप स्थित शेड को व्यवस्थित कर श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश तहसीलदार श्री प्रियांक श्रीवास्तव को दिए। कलेक्टर ने भोजनशाला से लगे कक्ष में नायब तहसीलदार श्री राजेश श्रीमाल के कार्यालय की व्यवस्था करने तथा नायब तहसीलदार को नलखेड़ा में ही मुख्यालय बनाकर निवास करने एवं मंदिर प्रबंधन के कार्य में सहयोग करने के निर्देश दिए। नलखेड़ा प्रवास के दौरान कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मां पीतांबरा बगलामुखी देवी के दर्शन कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे |