रतलाम / रावटी। रतलाम जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत रावटी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम महुड़ी का माल में खेत के पास स्थित एक टापरी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से कुल 43 पेटी शराब, करीब 405 बल्क लीटर, जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 23 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो तथा सैलाना एसडीओपी लेखराज मीणा (आईपीएस) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम महुड़ी का माल में सरवन भूरिया के खेत के पास स्थित टापरी में अवैध शराब का भंडारण किया गया है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से भाग निकला। तलाशी के दौरान टापरी से माउंट केन बीयर की 10 पेटी तथा 33 पेटी प्लेन मदिरा के क्वार्टर बरामद हुए। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया और मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
टापरी मालिक की तलाश, गिरफ्तारी के बाद खुलेगा राज
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर ने बताया कि मुखबिर से टापरी में अवैध रूप से शराब के भंडारण की विश्वसनीय सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर रेड की, जहां से 33 पेटी देशी सफेद शराब और 10 पेटी बीयर बरामद हुई। शराब को विधिवत जब्त कर कार्रवाई की गई है। आरोपी फिलहाल फरार है। टापरी के संबंध में पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उसके कथनों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां खपाने की तैयारी थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
कार्रवाई में उनि गल सिंह भावेल, सउनि पारसिंह वसुनिया, प्रआर आशीष धनक, महिला प्रआर अर्चना बाथरी, प्रआर नंदकिशोर मालवीय, प्रआर हेमंत जाट, अवधेश सिंह परमार, बहादुर दांगी, प्रेम कटारा सहित रावटी थाना पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत